सरहद के प्रहरियों को रक्षाबंधन पर विद्यार्थियों का अनूठा सम्मान: नवा रायपुर में सजी भावनाओं की महफिल

रायपुर, 24 अगस्त: रक्षाबंधन का पावन पर्व इस बार नवा रायपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राखी में असीम देशभक्ति और भावनात्मक पलों के नाम रहा। ‘COSA Army’ के विशेष सहयोग से आयोजित एक भव्य समारोह में विद्यार्थियों ने देश की सीमाओं के पहरेदार भारतीय सेना के 72 वीर जवानों (अधिकारियों, जेसीओ और अन्य रैंक) की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और देश की सुरक्षा की कामना की।
पोस्टकार्ड पर उतरे बाल-मन के जज्बात
इस आयोजन का सबसे आकर्षण केंद्र रहा नवा रायपुर के पोस्टकार्ड पर विद्यार्थियों द्वारा लिखे गए भावपूर्ण संदेश। बच्चों ने अपने हाथों से इन पोस्टकार्डों पर जवानों के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रसेवा को नमन करते हुए व्यक्तिगत पत्र लिखे। इन संदेशों ने सैनिकों और नौनिहालों के बीच एक अटूट भावनात्मक रिश्ता कायम कर दिया।
अनुशासन और राष्ट्रसेवा का पाठ
समारोह के दौरान सेना के अधिकारियों ने बच्चों से खुलकर संवाद किया और अपने प्रेरणादायी अनुभव साझा किए। स्टेशन मुख्यालय रायपुर के प्रशासनिक कमांडेंट कर्नल अभिषेक उनियाल के मार्गदर्शन और सूबेदार राज किशोर के समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम में कर्नल अरिंदम मजूमदार, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
जवानों ने विद्यार्थियों को अनुशासन को जीवन का आभूषण बनाने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प दिलाया। राखी के इन धागों और पोस्टकार्डों पर सजी भावनाओं ने यह साबित कर दिया कि देश का हर नागरिक अपने वीर सैनिकों के साथ चट्टान की तरह खड़ा है।
