छत्तीसगढ़ शासन का प्रशासनिक फेरबदल: राज्य प्रशासनिक सेवा के 6 अधिकारियों के हुए तबादले, नई पदस्थापना जारी

नवा रायपुर अटल नगर 27 अगसर : छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रशासनिक कसावट लाते हुए राज्य प्रशासनिक सेवा (राप्रसे) के वरिष्ठ अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले किए हैं। मंत्रालय महानदी भवन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राज्य प्रशासनिक सेवा के 6 अधिकारियों को प्रशासनिक आधार पर आगामी आदेश पर्यंत अस्थायी रूप से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
** प्रमुख फेरबदल एक नजर में:**
- श्री देवनारायण कश्यप (राप्रसे, पी-2010, प्रवर श्रेणी): वर्तमान में आयुक्त, नगर पालिक निगम, अंबिकापुर (सरगुजा) के पद पर कार्यरत थे, जिन्हें अब उप सचिव, छ.ग. शासन, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मंत्रालय में पदस्थ किया गया है।
- श्री चित्रकांत चाली ठाकुर (राप्रसे, आर.आर.-2014, प्रवर श्रेणी): अपर कलेक्टर, कोंडागांव से स्थानांतरित होकर अब मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, नारायणपुर की कमान संभालेंगे।
- सुश्री दीप्ति गौते (राप्रसे, आर.आर.-2014, प्रवर श्रेणी): इन्हें अपर कलेक्टर, बलौदाबाजार-भाटापारा से बदलकर परीक्षा नियंत्रक, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग, नवा रायपुर अटल नगर के महत्वपूर्ण पद पर भेजा गया है।
- श्री गुड़्डू लाल जगत (राप्रसे, आर.आर.-2014, प्रवर श्रेणी): अपर कलेक्टर, बेमेतरा के रूप में सेवाएं दे रहे अधिकारी को अब उप सचिव, छ.ग. शासन, श्रम विभाग, मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- श्री विनय कुमार अग्रवाल (राप्रसे, आर.आर.-2015, प्रवर श्रेणी): मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, नारायणपुर से स्थानांतरित होकर अब आयुक्त, नगर पालिक निगम, अंबिकापुर (सरगुजा) का कार्यभार संभालेंगे।
- डॉ. ऋतु वर्मा (राप्रसे, आर.आर.-2015, प्रवर श्रेणी): उप सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग (तथा अतिरिक्त प्रभार- परीक्षा नियंत्रक, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग) को परीक्षा नियंत्रक, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है, जबकि उनका शेष प्रभार यथावत रहेगा।
यह पूरी प्रशासनिक सूची छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा उनके आदेशानुसार उप सचिव क्लेमेन्टीना लकड़ा द्वारा जारी की गई है। इस फेरबदल से प्रशासनिक मशीनरी में नए तेवर और कार्यकुशलता आने की उम्मीद जताई जा रही है।
