छत्तीसगढ़ की खेल विरासत और प्रतिभाओं को मिला नया मंच: सीएम विष्णु देव साय ने किया फोटो प्रदर्शनी और कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का विमोचन

रायपुर, 30 अगस्त 2026 राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के गौरवशाली खेल इतिहास और खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर केंद्रित भव्य फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और आकर्षक कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का विमोचन किया। इस पहल से प्रदेश की खेल संस्कृति को एक नया आयाम और ऐतिहासिक दस्तावेज मिल गया है।
संघर्ष से सफलता तक की अनकही दास्तान
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित प्रदेश की खेल विभूतियों के जीवन, उनके संघर्ष, असाधारण उपलब्धियों और खेल जगत में दिए गए अमूल्य योगदान से जुड़े छायाचित्रों और ऐतिहासिक दस्तावेजों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रदेश के खेल इतिहास और खिलाड़ियों के संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद जरूरी है, ताकि युवा इससे प्रेरणा ले सकें।
इस विशेष फोटो प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के हुतात्माओं और खेल दिग्गजों—शहीद राजीव पाण्डेय, शहीद पंकज विक्रम, शहीद कौशल यादव और शहीद विनोद चौबे के प्रेरणादायी जीवन और योगदान को अनूठे ढंग से दर्शाया गया है। इसके साथ ही, छत्तीसगढ़ की माटी के महान सपूत वीर हनुमान सिंह के जीवन, उनकी खेल साधना और खेल जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान को प्रदर्शनी में प्रमुखता से स्थान दिया गया है।
प्रदर्शनी में खिलाड़ियों के जीरो से हीरो बनने तक के सफर, उनके पसीने और जज्बे को बेहद प्रभावी और मार्मिक रूप से रेखांकित किया गया है।
‘हमारे खिलाड़ी’ कॉफी टेबल बुक: छत्तीसगढ़ की खेल विरासत का दस्तावेज
समारोह के दौरान विमोचित कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी। इस प्रतिष्ठित पुस्तक में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फलक पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के संपूर्ण जीवन परिचय, उनकी चुनौतीपूर्ण खेल यात्रा, रिकॉर्ड तोड़ उपलब्धियों और अमूल्य योगदान को उच्च गुणवत्ता वाले आकर्षक छायाचित्रों के साथ संकलित किया गया है।
यह पुस्तक केवल खिलाड़ियों की सफलताओं का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की समृद्ध खेल विरासत को आने वाली पीढ़ियों से परिचित कराने का एक सशक्त और ऐतिहासिक माध्यम बनेगी। उल्लेखनीय है कि इस प्रदर्शनी और कॉफी टेबल बुक को खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में तैयार किया गया है, जिसने राज्य के खेल इतिहास और वर्तमान प्रतिभाओं को एक मंच पर ला खड़ा किया है।
दिग्गजों की गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य आयोजन के दौरान खेल जगत और शासन-प्रशासन के कई दिग्गज मौजूद रहे। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री खुशवंत साहेब, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल एवं श्री विजय बघेल, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, श्री मोतीलाल साहू एवं श्री सुनील सोनी विशेष रूप से उपस्थित थे।
साथ ही, छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अमरजीत छाबड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्वविजय सिंह तोमर, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. विक्रम सिसोदिया सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, नामी प्रशिक्षक, वरिष्ठ खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
