सवा लाख ‘आशीर्वाद के दीपों’ से जगमगाया खारुन तट, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु जीवन के लिए गूंजी महाआरती
– महादेव घाट पर आयोजित विराट दीपोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
– प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिवस पर छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ

रायपुर, 18 सितंबर: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन के यशस्वी 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज राजधानी रायपुर का ऐतिहासिक महादेव घाट आस्था, श्रद्धा और प्रकाश के अद्भुत संगम से जगमगा उठा। खारुन नदी के पावन तट पर आयोजित विराट दीपोत्सव एवं महाआरती ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सहभागिता की और प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, उत्तम दीर्घायु और यशस्वी जीवन की मंगलकामना की।

सवा लाख दीपों की एक साथ प्रज्वलित ज्योति से खारुन तट का पूरा परिसर अलौकिक छटा बिखेर रहा था। इस विराट आयोजन ने न केवल रायपुर बल्कि पूरे प्रदेश में उत्सव का माहौल बना दिया।
राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित रहा है प्रधानमंत्री का जीवन: मुख्यमंत्री साय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित कर दिया है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने विकास, जनकल्याण और राष्ट्रीय स्वाभिमान के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “आज खारुन मैया के पावन तट पर प्रज्वलित सवा लाख दीप प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति छत्तीसगढ़वासियों के अथाह स्नेह, आत्मीयता और शुभकामनाओं की जीवंत अभिव्यक्ति हैं। प्रधानमंत्री का पदचिह्न ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को चरितार्थ करता है।” उन्होंने बताया कि राजधानी रायपुर में आज विभिन्न स्थानों पर लगभग 32 लाख दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त की जा रही हैं।
ऐतिहासिक निर्णयों से देश को मिली नई गति
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के ऐतिहासिक पन्नों को पलटते हुए कहा कि देश ने ऐसे कई ऐतिहासिक निर्णय देखे हैं जिनकी दशकों से प्रतीक्षा थी। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति से लेकर अयोध्या में भगवान श्रीरामलला के भव्य मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा तक, देश ने एक नए आत्मविश्वास का अनुभव किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए शासन का केंद्र हमेशा गरीब, किसान, महिला और समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति रहा है। गरीबों को पक्का आवास, उज्ज्वला गैस, जन-धन खाते और खाद्यान्न सुरक्षा जैसी योजनाओं ने आम आदमी के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाया है।
बस्तर में शांति और विकास के नए द्वार
छत्तीसगढ़ से प्रधानमंत्री के आत्मीय जुड़ाव को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन से राज्य ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, गृह मंत्री श्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस से छत्तीसगढ़ ने माओवादी हिंसा के विरुद्ध निर्णायक सफलता हासिल की है। वर्षों तक पिछड़ेपन का दंश झेलने वाले बस्तर में आज शांति, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के नए द्वार खुल चुके हैं।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’
प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ हुआ है। छत्तीसगढ़ में भी इस अभियान के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े कार्य जनभागीदारी के साथ व्यापक स्तर पर संचालित किए जाएंगे।
साध्वी प्रज्ञा भारती और आचार्यों द्वारा भव्य महाआरती
विराट दीपोत्सव के दौरान साध्वी प्रज्ञा भारती एवं आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ खारुन मैया की भव्य महाआरती की गई। इस अवसर पर साध्वी प्रज्ञा भारती द्वारा प्रधानमंत्री श्री मोदी को समर्पित रचित एवं स्वरबद्ध गीत का विमोचन भी मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा किया गया।
इस गरिमामयी आयोजन में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक श्री राजेश मूणत व श्री मोतीलाल साहू, रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे, विभिन्न आयोगों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, सनातन ध्वज वाहिनी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
