भारी बारिश का तांडव: ट्रैक धंसा, दल्लीराजहरा-गुंडरदेही के बीच थमी ट्रेनों की रफ्तार, कई गाड़ियां रद्द

रायपुर 36 सितम्बर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल अंतर्गत दुर्ग-दल्लीराजहरा रेल सेक्शन पर प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिला है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण लाटाबोर और गुंडरदेही स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर न केवल भारी जलभराव हो गया है, बल्कि पटरी के नीचे की जमीन धंसने की भी गंभीर खबर है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने आनन-फानन में इस रूट पर चलने वाली कई प्रमुख यात्री ट्रेनों को पूरी तरह रद्द और शॉर्ट-ऑरिजिनेट (आंशिक रूप से रद्द) करने का फैसला लिया है।
अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, युद्ध स्तर पर मरम्मत जारी
घटना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए रायपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री दयानंद, संरक्षा अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों की पूरी टीम के साथ खुद मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। इस समय इंजीनियरिंग विभाग की तकनीकी टीम भारी बारिश के बीच रेलवे ट्रैक को जल्द से जल्द दुरुस्त करने और रूट को बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर जुटी हुई है।
प्रभावित ट्रेनों की सूची (26 सितंबर 2026):
- ट्रेन संख्या 78816 (अंतागढ़–रायपुर): यह ट्रेन दल्लीराजहरा से रायपुर के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी।
- ट्रेन संख्या 78815 (रायपुर – अंतागढ़): आज यह ट्रेन पूरी तरह रद्द कर दी गई है।
- ट्रेन संख्या 78818 (अंतागढ़–दुर्ग): यह ट्रेन अंतागढ़ के बजाय दल्लीराजहारा से चलेगी। अंतागढ़ से दल्लीराजहारा के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा।
- ट्रेन संख्या 68765 (ताड़ोकी – रायपुर): आज की सेवा पूरी तरह रद्द।
- ट्रेन संख्या 68764 (रायपुर–ताड़ोकी): आज की सेवा पूरी तरह रद्द।
सुरक्षा सर्वोपरि: रेलवे की अपील
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। ट्रैक की स्थिति पर पल-पल की निगरानी रखी जा रही है। मौसम और सुरक्षा मानकों को देखते हुए ही आगे के निर्णय लिए जाएंगे। यात्रियों से अनुरोध है कि वे स्टेशन निकलने से पहले ट्रेनों की सही स्थिति की जानकारी जरूर ले लें।
