- सेवानिवृत्ति का तोहफा: कर्मचारियों के रिटायरमेंट से पहले ही सभी पेंशन व अन्य प्रकरण होंगे निराकृत।
- भर्ती प्रक्रिया तेज: रिक्त पदों और बैकलॉक के पदों पर नया सेटअप बनाकर जल्द होगी भर्ती।
- मॉनिटरिंग और सुशासन: ‘लोक सेवा गारंटी’ के तहत अब राज्य में 728 सेवाएं नोटिफाइड; योजनाओं की होगी सख्त मॉनिटरिंग।
- रिफार्म उत्सव: आगामी दिनों में विभागों द्वारा तैयार रिफॉर्म्स की रूपरेखा के साथ होगा विशेष अभियान का आयोजन।

रायपुर, 11 अगस्त 2026: राज्य शासन के प्रशासनिक कामकाज को और अधिक चुस्त-दुरुस्त और जनहितैषी बनाने की दिशा में मुख्य सचिव श्री विकासशील ने आज मंत्रालय महानदी भवन में सभी विभागों के भार साधक सचिवों की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन, विभागीय प्रगति और प्रशासनिक सुधारों को लेकर कई कड़े और दूरदर्शी निर्देश दिए गए।
सेवानिवृत्ति के मामलों में कोताही बर्दाश्त नहीं
मुख्य सचिव श्री विकासशील ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अधिकारी-कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति से जुड़े विभिन्न प्रकरणों का निराकरण उनके रिटायर होने से पहले ही सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी विभागों को अपने स्तर पर सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सूची नियतकालिक अवधि में तैयार करने को कहा गया है। इसके साथ ही, विभागों में खाली पड़े रिक्त पदों और बैकलॉक के पदों को चिन्हित कर नया सेटअप तैयार करते हुए भर्ती प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
योजनाओं की निरंतर मॉनिटरिंग और सुशासन पर जोर
बैठक के दौरान लोक सेवा गारंटी, सूचना का अधिकार (RTI), सेवा सेतु, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति, डी-रेगुलेशन और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की विभागवार प्रगति की गहन समीक्षा की गई। बैठक में यह जानकारी दी गई कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत अब तक राज्य में कुल 728 सेवाओं को नोटिफाइड किया जा चुका है, जिससे आम नागरिकों को घर बैठे प्रशासनिक सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
प्रशिक्षण और आगामी ‘रिफार्म उत्सव’ की रूपरेखा
मुख्य सचिव ने ‘आई-गॉट’ (iGOT) पोर्टल के माध्यम से विभागवार चिन्हित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारी-कर्मचारियों को उनकी कार्यकुशलता बढ़ाने और विभाग की आवश्यकतानुसार विशेष प्रशिक्षण दिलाया जाए। इसके अलावा, प्रशासनिक सुधारों (Reforms) को बढ़ावा देने के लिए आगामी दिनों में ‘रिफार्म उत्सव अभियान’ का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए सभी विभागों को अपनी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में रहे ये वरिष्ठ अधिकारी मौजूद:
इस उच्च स्तरीय बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के एसीएस श्री मनोज कुमार पिंगुआ, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की एसीएस श्रीमती ऋचा शर्मा, गृह विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह, आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, वित्त सचिव डॉ. रोहित यादव, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और शासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
