विधान सभा सचिवालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने दिया प्रेरणादायी संदेश

रायपुर, 15 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिवालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व अत्यंत उत्साह, उमंग और भव्यता के साथ समारोह पूर्वक मनाया गया। इस राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर विधानसभा परिसर देशभक्ति के रंगों से सराबोर नजर आया।
सचिव श्री दिनेश शर्मा ने किया ध्वजारोहण
विधानसभा परिसर में मुख्य समारोह के दौरान विधानसभा के सचिव श्री दिनेश शर्मा ने प्रातः 8.30 बजे गरिमामयी माहौल में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के उपरांत सचिव श्री शर्मा ने विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. रमन सिंह का सचिवालय परिवार के नाम संदेश पढ़कर सुनाया।
शहीदों के बलिदान को करें याद: डॉ. रमन सिंह
विधान सभा अध्यक्ष डाॅ. रमन सिंह ने अपने संदेश में स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पुनीत दिवस हमारे असंख्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मरण, उनके व्यक्तित्व-कृतित्व से प्रेरणा लेने और आत्म-अवलोकन करने का अवसर है।
“आज का यह दिन उन असंख्य शहीदों की शहादत को नमन करने का दिन है, जिनके महान बलिदान पर स्वतंत्र भारत की इमारत खड़ी हुई है। हमें यह विचार करना चाहिए कि हम अपने राष्ट्रीय दायित्वों की पूर्ति के प्रति कितने सजग और समर्पित हैं।” — डॉ. रमन सिंह, विधानसभा अध्यक्ष
समुन्नत और सुदृढ़ भारत के निर्माण का आह्वान
विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि हम सभी अपने कार्य, विचार और व्यवहार के माध्यम से एक समुन्नत और सुदृढ़ भारत के सपने को साकार करने में सकारात्मक पहल करें। उन्होंने सभी से यह भी अनुरोध किया कि वे अपने व्यक्तिगत प्रयासों से भारतीय स्वतंत्रता की गौरवशाली गाथा और उसके इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के संकल्प में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
नयनाभिराम रोशनी से जगमगा उठा विधानसभा परिसर
स्वतंत्रता दिवस के इस ऐतिहासिक अवसर पर संपूर्ण विधानसभा परिसर को तिरंगे की भव्यता के अनुरूप आकर्षक और नयनाभिराम रोशनी (लाइटिंग) से सजाया गया है, जो देखते ही बनती है और आगंतुकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई है।
