शिक्षा समाज की धुरी, बस्तर से लेकर राजधानी तक गूंजा विकास और उत्थान का संकल्प
रायपुर 22 अगस्त : राज्यधानी के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज विकास समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण और वृक्षारोपण समारोह गरिमाममय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व राज्यसभा सांसद श्री नंदकुमार साय ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सेवा, निष्ठा और दायित्वों के निर्वहन की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिक्षा ही समाज के सर्वांगीण विकास का मूल मंत्र है। भावी पीढ़ी को संस्कारित और उच्च शिक्षा से सुसज्जित करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
गौरवशाली इतिहास और एकता का संदेश
मुख्यमंत्री श्री साय ने कंवर समाज के गौरवशाली अतीत को याद करते हुए महान संत गहिरा गुरु और समाज के अन्य पुरोधाओं के योगदान को नमन किया। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि कंवर समाज का यह निर्वाचन पूरी तरह निर्विरोध और सर्वसम्मति से संपन्न हुआ है, जो समाज की अटूट एकता और सांगठनिक मजबूती का प्रतीक है। महाराष्ट्र से आए सगा-बंधुओं और प्रतिनिधियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के प्रयासों से ही आज पूरा समाज एक सूत्र में बंधकर आगे बढ़ रहा है।
शिक्षा: सफलता और प्रगति का मुख्य द्वार
प्रबुद्धजनों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा का दायरा केवल शासकीय नौकरियों तक सीमित नहीं है। एक कुशल उद्यमी, व्यापारी, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अत्यंत आवश्यक है।
- राज्य सरकार युवाओं को बेहतर प्रतियोगी माहौल देने के लिए प्रदेशभर में 17 प्रयास विद्यालय संचालित कर रही है।
- उन्होंने समाज के सक्षम और प्रबुद्ध वर्ग से आह्वान किया कि वे जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोगात्मक हाथ बढ़ाएं।
‘मोदी की गारंटी’ से जनकल्याण को नई गति
सरकार की पिछले ढाई वर्षों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मोदी की गारंटी’ के तहत जनता से किए गए हर वादे को तेजी से अमलीजामा पहनाया जा रहा है:
- आवास योजना: सरकार गठन के दूसरे ही दिन 18 लाख आवासों की स्वीकृति दी गई, जिसके तहत प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 आवास बन रहे हैं।
- कृषक हित: किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है।
- महतारी वंदन योजना: लगभग 70 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह 1,000 रुपए की सहायता दी जा रही है, और अब तक 19,000 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित हो चुकी है।
- वनोपज व श्रमिक कल्याण: तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक 4,000 रुपए से बढ़ाकर 5,500 रुपए प्रति मानक बोरा किया गया है, साथ ही भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10,000 रुपए की सहायता दी जा रही है।
- आध्यात्मिक यात्राएं: मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन और श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से पिछले ढाई वर्षों में 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या दर्शन कर चुके हैं।
जनजातीय उत्थान और बस्तर में विकास की नई सुबह
देश के सर्वोच्च पद पर जनजातीय समाज की बेटी राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के विराजमान होने को ऐतिहासिक गौरव बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय संस्कृति और अधिकारों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
- धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,661 गांवों को जोड़ा गया है।
- प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों के गांवों में सड़क, पानी, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। देश की कुल 4,000 किमी सड़कों में से 2,000 किमी से अधिक सड़कें अकेले छत्तीसगढ़ में बन रही हैं।
- बस्तर में बदलाव: कभी नक्सलवाद की त्रासदी झेलने वाला बस्तर अब विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है। ‘नियद नेल्लानार योजना’ के माध्यम से 500 से अधिक गांवों में बुनियादी सुविधाएं पहुंची हैं। स्वास्थ्य अभियानों के जरिए लाखों लोगों का परीक्षण कर बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।
सामुदायिक भवनों के लिए 1.55 करोड़ रुपए से अधिक की सौगात
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कंवर समाज के विभिन्न सामुदायिक भवनों के विकास, निर्माण और जीर्णोद्धार के लिए 1 करोड़ 55 लाख रुपए से अधिक की घोषणा की:
- रायपुर (लाभांडी): नवनिर्माणाधीन कंवर भवन के विकास हेतु ₹70 लाख
- राजनांदगांव (छुरिया परिक्षेत्र): कंवर समाज भवन हेतु ₹25 लाख
- महासमुंद (झलप): सामाजिक भवन निर्माण व जीर्णोद्धार हेतु ₹20 लाख
- तमोरा, खैरझिटी, नरतोरा और गरियाबंद (जोजरा): विभिन्न सामाजिक भवनों और शेड निर्माण हेतु कुल ₹40 लाख
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौरोपण
कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने लाभांडी स्थित नवनिर्माणाधीन सामुदायिक भवन परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सिंदूर का पौधा लगाया। उनके साथ नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और प्रबुद्धजनों ने भी पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री ननकीराम कंवर, कंवर समाज विकास समिति के अध्यक्ष श्री हरवंश सिंह मिरी, महासचिव श्री शिव कुमार कंवर, कार्यकारी अध्यक्ष श्री थान सिंह दीवान, महिला प्रभाग की अध्यक्ष श्रीमती सविता साय, कोषाध्यक्ष श्री प्रेम सिंह कंवर, श्री आर.के. साय और श्री भीम सिंह कंवर सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन एवं नागरिक उपस्थित रहे।
