रायपुर 4 सितम्बर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक, प्रखर राष्ट्रीय कवि और ‘राष्ट्रीय कवि संगम’ के अध्यक्ष श्री जगदीश मित्तल के देवलोकगमन पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उनका पूरा जीवन राष्ट्रचेतना, साहित्य साधना और संगठन को समर्पित रहा, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्त्रोत बना रहेगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्री जगदीश मित्तल जी का जाना राष्ट्र और साहित्य जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों एवं उनके असंख्य शुभचिंतकों को इस असीम दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
साहित्य और संगठन के पुरोधा थे जगदीश मित्तल श्री जगदीश मित्तल ने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण संघ के विस्तार और वैचारिक दृढ़ता के लिए समर्पित कर दिया। राष्ट्रीय कवि संगम के माध्यम से उन्होंने देश भर के कवियों और साहित्यकारों को एक मंच पर लाकर राष्ट्र-आराधना और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की अलख जगाई। उनकी ओजस्वी कविताएं हमेशा से देशप्रेम और सामाजिक समरसता का संदेश देती रही हैं।
