रायपुर / नई दिल्ली 5 अगस्त —
राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संवैधानिक समानता के संकल्प को निर्णायक रूप देने वाले ऐतिहासिक अध्याय — अनुच्छेद 370 और 35A के प्रावधानों के निष्प्रभावी होने के सात वर्ष पूरे होने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प का परिणाम बताते हुए ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने वाला युगांतकारी कदम करार दिया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संदेश में कहा कि 5 अगस्त 2019 का यह ऐतिहासिक निर्णय श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के उस अमर संकल्प को समर्पित है, जिसके तहत “एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे” का स्वप्न साकार हुआ।
विकास की मुख्यधारा से जुड़े जम्मू-कश्मीर और लद्दाख
मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि अनुच्छेद 370 के हटने के बाद से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विकास, निवेश, पर्यटन, शिक्षा, आधारभूत संरचना और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। दशकों तक अलगाववाद की आंधी झेलने वाले इन क्षेत्रों में आज लोकतांत्रिक व्यवस्था और विकास की नई ऊर्जा ने विश्वास और संभावनाओं का एक अभूतपूर्व वातावरण निर्मित किया है।
सशक्त और समरस भारत की आधारशिला
अखंड भारत की भावना, एक संविधान का सम्मान और देश के प्रत्येक नागरिक के लिए समान अधिकार ही एक सशक्त, समरस और विकसित भारत की वास्तविक आधारशिला है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह क्षेत्र देश के विकास का एक प्रमुख इंजन बनकर उभर रहा है, जहाँ हर नागरिक को समान अवसर और अधिकार प्राप्त हो रहे हैं।
