रायपुर 6 अगस्त : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के दूरदर्शी नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने स्वच्छ ऊर्जा, हरित विकास और किसानों की समृद्धि के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है। कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG) इकोसिस्टम के विकास के लिए उत्कृष्ट नवाचारों और प्रभावी नीतियों के फलस्वरूप, भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने पूंजीगत निवेश विशेष सहायता योजना (SASCI) 2026-27 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को 50 करोड़ रुपये की भारी-भरकम प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की है। इस उपलब्धि के साथ ही छत्तीसगढ़ इस योजना के तहत फंड प्राप्त करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।

स्वच्छ ऊर्जा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा अभूतपूर्वबल
इस राष्ट्रीय गौरव पर प्रसन्नता जताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ अन्नदाताओं (किसानों) की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस सफलता के लिए ऊर्जा विभाग और छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल विकास प्राधिकरण की पूरी टीम को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जैव ईंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ अब राष्ट्रीय पटल पर अपनी एक विशिष्ट और मजबूत पहचान बना रहा है।
छत्तीसगढ़ कम्प्रेस्ड बायोगैस नीति-2026 के मुख्य लाभ:
- अतिरिक्त आय का जरिया: राज्य में 8 जून 2026 को अधिसूचित की गई नई सीबीजी नीति के तहत कृषि अपशिष्ट, पैडी स्ट्रॉ (पराली) और अन्य बायोमास का वैज्ञानिक उपयोग किया जाएगा, जिससे किसानों को बायोमास आपूर्ति के एवज में अतिरिक्त कमाई का नया जरिया मिलेगा।
- जैविक खेती को बढ़ावा: बायोगैस संयंत्रों के संचालन से उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद प्राप्त होगी, जो खेती को रासायनिक उर्वरकों से मुक्त कर जैविक खेती को मजबूती देगी।
- पर्यावरण संरक्षण: पराली और कृषि अवशेषों के अवैज्ञानिक दहन पर रोक लगेगी और पर्यावरण संतुलन स्थापित होगा।
- औद्योगिक निवेश और रोजगार: प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश, नए उद्योगों की स्थापना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प को नई गति मिलेगी।
त्वरित क्रियान्वयन के लिए प्रशासनिक स्तर पर हाई-लेवल बैठक
राज्य में सीबीजी परियोजनाओं को गति देने और निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए गत 3 अगस्त 2026 को मंत्रालय महानदी भवन (नवा रायपुर) में प्रमुख सचिव ऊर्जा विभाग श्री सुबोध कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में बायोमास संग्रहण व्यवस्था, सिंगल विंडो क्लीयरेंस, जैव उर्वरक के उपयोग और विभिन्न विभागों के आपसी तालमेल पर विस्तृत मंथन किया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमित सरकार ने संयंत्रों की स्थापना और भावी कार्ययोजना पर एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया, जिसमें वाणिज्य, उद्योग, कृषि, नगरीय प्रशासन, परिवहन और पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख रूप से शामिल रहे।
