सरगुजा के ग्रामीण अंचलों के मेधावी विद्यार्थियों ने की मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात

रायपुर, 14 अगस्त 2026: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज शाम उनके निवास कार्यालय में सरगुजा जिले के ग्रामीण अंचलों से शैक्षणिक भ्रमण पर आए मेधावी छात्र-छात्राओं ने सौजन्य मुलाकात की। अंबिकापुर क्षेत्र के 7 शासकीय विद्यालयों के लगभग 50 विद्यार्थियों के साथ मुख्यमंत्री ने आत्मीय संवाद किया और उनके शैक्षणिक अनुभवों, रुचियों तथा भविष्य के सपनों पर चर्चा की। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्वविजय सिंह तोमर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सफलता केवल डॉक्टर-इंजीनियर बनने तक सीमित नहीं: मुख्यमंत्री
विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय है। इस दौर में देखा गया सपना और उसे पूरा करने के लिए किया गया परिश्रम ही जीवन की सही दिशा तय करता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सफलता का दायरा केवल डॉक्टर या इंजीनियर बनने तक सीमित नहीं है। आज के दौर में शिक्षा, विज्ञान, अनुसंधान, खेल, तकनीक, प्रशासन और उद्यमिता सहित प्रत्येक क्षेत्र में युवाओं के लिए अपार संभावनाएं मौजूद हैं। आवश्यकता केवल इस बात की है कि विद्यार्थी अपनी छिपी हुई प्रतिभा को पहचानें, सही लक्ष्य चुनें और पूरी प्रतिबद्धता के साथ उसे हासिल करने में जुट जाएं।
शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य निर्माण के बाद से छत्तीसगढ़ में शिक्षा के स्तर में निरंतर विस्तार हुआ है। आज प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर के अनेक प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित हैं, जहां युवाओं को विश्व स्तरीय तकनीकी और उच्च शिक्षा मिल रही है। राज्य सरकार की यह प्राथमिकता है कि दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों के बच्चों को भी आगे बढ़ने के समान अवसर मिल सकें।
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, कड़ी मेहनत और समय का सदुपयोग सबसे बड़े अस्त्र हैं। उन्होंने बच्चों से अपनी ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग करने का आह्वान किया।
आईआईएम और ट्रिपल आईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों का किया भ्रमण
शैक्षणिक भ्रमण के तहत सरगुजा के इन मेधावी विद्यार्थियों ने नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी), ट्राइबल म्यूजियम और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग कार्यालय का अवलोकन किया। इन संस्थानों की कार्यप्रणाली और उच्च शिक्षा के अवसरों को नजदीक से देखने का यह अनुभव ग्रामीण बच्चों के लिए बेहद रोमांचक और प्रेरणादायक रहा।
इस शैक्षणिक भ्रमण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनकालों, बकिरमा, सुखरी, रामपुर, मेंड्राकला, करजी तथा शासकीय सेजेस केशवपुर के छात्र-छात्राएं और उनके मार्गदर्शक शिक्षकगण सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
