राजधानी में हर्षाेल्लास से मना आजादी का 80वां पर्व : मुख्यमंत्री श्री साय ने पुलिस परेड ग्राउंड में किया ध्वजारोहण, दीं कई सौगातें
– 17 प्लाटूनों के आकर्षक मार्च पास्ट ने मोहा मन, बिहार पुलिस की टुकड़ी बनी विशेष आकर्षण – मुख्यमंत्री ने किया प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन, उत्कृष्ट मार्च पास्ट करने वाले दल सम्मानित

रायपुर, 15 अगस्त 2026 : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में 79वें स्वतंत्रता दिवस (आज़ादी के 80वें पर्व) का मुख्य समारोह हर्षोल्लास,ार और देशभक्ति की अनूठी मिसाल के साथ संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने ठीक सुबह 9 बजे ऐतिहासिक पुलिस परेड ग्राउंड पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की आत्मीय शुभकामनाएं देते हुए अपने संदेश का वाचन किया और राज्य के विकास का संकल्प दोहराया।
शानदार मार्च पास्ट और गूंजा देशभक्ति का संगीत
समारोह का मुख्य आकर्षण राजधानी के परेड ग्राउंड पर निकला भव्य मार्च पास्ट रहा, जिसमें कुल 17 प्लाटूनों ने हिस्सा लिया। भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारी श्री विमल कुमार पाठक के नेतृत्व और परेड टू-आईसी श्री निशांत गौरव कुर्रे की देखरेख में हुए इस मार्च पास्ट के अनुशासन और कदमों की ताल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस वर्ष के समारोह की खास बात यह रही कि इसमें बिहार प्रदेश की पुलिस टुकड़ी ने विशेष आमंत्रित वर्ग के रूप में हिस्सा लिया। इसके अलावा परेड में सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), सशस्त्र सीमा बल (SSB), छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (पुरुष एवं महिला), छत्तीसगढ़ पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना, एनसीसी (बालक-बालिका), बैंड प्लाटून, घुड़सवार दल और डॉग स्क्वॉड ने अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई। महिला बैग पाईपर बैंड दल की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे वातावरण में ऊर्जा भर दी।
विजेता परेड दलों का सम्मान
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मार्च पास्ट दलों को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मंच से सम्मानित किया:
- केंद्रीय बल वर्ग:
- प्रथम स्थान: भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) – 5,000 रुपये नकद और ट्रॉफी
- द्वितीय स्थान: सीमा सुरक्षा बल (BSF) – 3,000 रुपये नकद और ट्रॉफी
- तृतीय स्थान: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) – 2,000 रुपये नकद और ट्रॉफी
- राज्य बल वर्ग:
- प्रथम स्थान: छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (महिला) – 5,000 रुपये नकद और ट्रॉफी
- द्वितीय स्थान: छत्तीसगढ़ जेल पुलिस – 3,000 रुपये नकद और ट्रॉफी
- तृतीय स्थान: छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल (पुरुष) – 2,000 रुपये नकद और ट्रॉफी
- एनसीसी कंटीजेंट वर्ग:
- प्रथम स्थान: एनसीसी गर्ल्स (ट्रॉफी)
- द्वितीय स्थान: एनसीसी बॉयज (ट्रॉफी)
इनको भी मिला विशेष प्रशस्ति पत्र
समारोह को सफल बनाने और बेहतरीन अनुशासन का परिचय देने वाले कमांडरों व अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने परेड कमांडर श्री विमल कुमार पाठक, परेड-टू-आईसी श्री निशांत गौरव कुर्रे, महिला बैग पाईपर दल की कमांडर श्रीमती सोनबती ठाकुर, घुड़सवार दल के कमांडर श्री अनिल यादव, श्वान दल के कमांडर श्री राज कपूर के साथ ही परेड संयोजन में अहम भूमिका निभाने वाली डॉ. अनुराधा दुबे और श्री मनीष परमानंद को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय पर्व पर पूरा पुलिस ग्राउंड भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों और सांस्कृतिक छटा के बीच यह आयोजन राजधानीवासियों के लिए यादगार बन गया।
