मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की संवेदनशील पहल: आर्थिक तंगी से बेबस अविनाश को मिला नया जीवन, डीकेएस अस्पताल में हुआ सफल उपचार

रायपुर 17 अगस्त : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की जन-कल्याणकारी और संवेदनशील सोच जरूरतमंद परिवारों के जीवन में नया उजाला लेकर आ रही है। बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ-साथ गंभीर बीमारियों से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए वरदान साबित हो रहा है। इसी संवेदनशीलता का परिणाम है कि फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी निवासी 21 वर्षीय अविनाश नायक को रायपुर के डीकेएस अस्पताल में नया जीवन और बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिला है।
जन्मजात बीमारी और आर्थिक तंगी बनी थी बाधा अविनाश नायक को जन्म से ही बाएं पैर के अंगूठे और एक अन्य अंगुली में मांसपेशियों व हड्डियों के असामान्य रूप से बढ़ने की गंभीर समस्या थी। उम्र बढ़ने के साथ यह शारीरिक कष्ट भी नासूर बनता गया, जिससे उन्हें चलने-फिरने और दैनिक गतिविधियों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। परिवार की दयनीय आर्थिक स्थिति इस कदर आड़े आई कि वे बड़े अस्पतालों में इलाज का भारी-भरकम खर्च उठाने में पूरी तरह असमर्थ थे। जिला अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा बड़े संस्थान में ऑपरेशन की सलाह दिए जाने के बाद भी मायूसी ही उनके हिस्से आई थी।
उम्मीद की किरण बना मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय मुश्किलों के इस दौर में अविनाश ने अपनी व्यथा मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया तक पहुंचाई। कैंप कार्यालय ने मामले की गंभीरता को समझते हुए बिना किसी विलंब के त्वरित और संवेदनशील कदम उठाया। अविनाश को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए तत्काल रायपुर भेजा गया, जहां राज्य के प्रतिष्ठित डीकेएस अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका सफल ऑपरेशन किया गया।
मुख्यमंत्री से मिलकर अविनाश ने व्यक्त किया आभार सफल उपचार के पश्चात स्वस्थ होकर अविनाश ने आज बगिया पहुंचकर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मुलाकात की और उनके प्रति हृदय से आभार जताया। अविनाश ने भावुक होकर बताया कि इस समय पर मिली शासकीय सहायता ने उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी उलझन को दूर कर दिया है। अब वे पूरी सहजता से सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अविनाश के स्वास्थ्य लाभ पर प्रसन्नता जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं दीं। यह घटना इस बात का प्रमाण है कि मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आम जनता के अटूट भरोसे, उम्मीद और संवेदनशील सुशासन का एक सशक्त केंद्र बनकर उभर रहा है।
