रक्षाबंधन पर डाक विभाग का तोहफा: स्पीड पोस्ट से राखी भेजने पर मिल रही है 10% की विशेष छूट

रायपुर 13 अगस्त : भारतीय डाक विभाग, रायपुर संभाग द्वारा रक्षाबंधन के पावन पर्व को और अधिक सुगम तथा किफायती बनाने के लिए एक विशेष छूट योजना की शुरुआत की गई है। इसके तहत बहनों द्वारा अपने भाइयों को भेजी जाने वाली राखी के लिए स्पीड पोस्ट सेवा पर विशेष राहत दी जा रही है।
योजना के मुख्य बिंदु और नियम:
- 10% की सीधी छूट: डाक विभाग द्वारा “इनलैंड स्पीड पोस्ट (डॉक्यूमेंट)” सेवा के अंतर्गत बुक किए जाने वाले “राखी मेल” पर डाक शुल्क में 10% की छूट प्रदान की जा रही है।
- अवधि: यह विशेष सुविधा 12 अगस्त से 28 अगस्त 2026 तक लागू रहेगी।
- लेवलिंग और पहचान: इस छूट का लाभ उठाने के लिए ग्राहकों को लिफाफे के आगे स्पष्ट रूप से “Rakhi Mail” लिखकर डाकघर के बुकिंग काउंटर पर प्रस्तुत करना होगा।
- बुकिंग सीमा: यह छूट केवल खुदरा (रिटेल) बुकिंग पर ही लागू होगी। एक ग्राहक एक बार में अधिकतम 5 आर्टिकल ही इस योजना के तहत बुक कर सकेगा।
- अन्य शर्तें: यह सुविधा बल्क/कॉर्पोरेट ग्राहकों के लिए उपलब्ध नहीं होगी। इसके अलावा, यह छूट केवल सामान्य डाक शुल्क पर ही लागू होगी, वैल्यू एडेड सर्विस (VAS) शुल्क पर इसका लाभ नहीं मिलेगा।
डाक विभाग की पहल का उद्देश्य:
कार्यालय प्रवर अधीक्षक डाकघर, रायपुर संभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य रक्षाबंधन के अवसर पर देशभर में बहनों द्वारा अपने भाइयों तक राखियों को समय पर, सुरक्षित रूप से और किफायती तरीके से पहुँचाना है। विभाग का यह प्रयास है कि तीव्र और विश्वसनीय डाक सेवा के माध्यम से हर बहन का प्यार समय पर उनके भाई तक पहुँचे।
