नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर चीख-पुकार: आयशर ट्रक और बोलेरो की भीषण भिड़ंत, छत्तीसगढ़ के 3 मासूमों समेत 8 की मौत; तड़के 4 बजे हुआ दर्दनाक हादसा
* रायपुर से नागपुर जा रहे थे पीड़ित; हादसे के बाद मलबे में तब्दील हुई एसयूवी, दो जेसीबी से निकाले गए शव
* मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा शोक, छत्तीसगढ़ से अफसरों की विशेष टीम भंडारा रवाना
विशेष संवाददाता, रायपुर/भंडारा 11 सितम्बर ।
नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-53) महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के एक ऐसा हृदयविदारक और भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र दोनों राज्यों को झकझोर कर रख दिया है। भंडारा जिले के लाखनी तालुका के अंतर्गत मानेगांव और पिंपलगांव सड़क के बीच सुबह करीब 4:00 बजे एक तेज रफ्तार आयशर ट्रक और बोलेरो (एसयूवी) में सीधी व भीषण भिड़ंत हो गई । इस दिल दहला देने वाले एक्सीडेंट में छत्तीसगढ़ के 8 नागरिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें 3 मासूम बच्चे और 5 वयस्क शामिल हैं । हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी साकोली उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भंडारा के पुलिस अधीक्षक नूरुल हसन के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और वह ट्रक के नीचे बुरी तरह फंस गई। लाशों को बाहर निकालने के लिए प्रशासन को दो जेसीबी और क्रेन की मदद लेनी पड़ी । सभी मृतक छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से नागपुर की ओर जा रहे थे
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा दुःख, बोले- ‘समाचार अत्यंत हृदयविदारक’
हादसे की खबर मिलते ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने शोकसंतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा—
“महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में छत्तीसगढ़ के कई नागरिकों, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं, के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि। शोक की इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर शोकसंतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
एक्शन में साय सरकार: छत्तीसगढ़ से तत्काल रवाना की गई अफसरों की विशेष टीम
हादसे की सूचना पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने तत्काल उच्च स्तरीय मुस्तैदी दिखाई है। छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से घायलों के समुचित और उच्च स्तरीय इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों की तात्कालिक सहायता के लिए अधिकारियों की एक विशेष टीम को तुरंत छत्तीसगढ़ से घटनास्थल (भंडारा) के लिए रवाना कर दिया गया है। यह टीम मौके पर पहुंचकर घायलों और मृतकों के परिजनों की हर संभव मदद करेगी।
दोनों राज्यों के प्रशासन में समन्वय, साय बोले- ‘हरसंभव मदद की जाएगी’
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, छत्तीसगढ़ सरकार इस संकट के समय में महाराष्ट्र सरकार और भंडारा के स्थानीय जिला प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय स्थापित किए हुए है। घायलों की चिकित्सा में कोई कमी न आए, इसके लिए स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों से लगातार फीडबैक लिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आश्वस्त किया है कि इस अत्यंत कठिन समय में छत्तीसगढ़ सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ मुस्तैद खड़ी है और उन्हें प्रशासनिक, आर्थिक व चिकित्सीय स्तर पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
हादसे की भयावहता:
- कहाँ हुआ हादसा: नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे (NH-53), पिंपलगांव सड़क (लाखनी तालुका, भंडारा) ।
- वक्त: शुक्रवार तड़के करीब 4:00 बजे (जब अधिकांश सवारियां सो रही थीं)।
- कुल मौतें: 8 लोग (5 वयस्क और 3 मासूम बच्चे), सभी रायपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।
- घायल: 3 लोग, साकोली उप-जिला अस्पताल में इलाज जारी।
- रेस्क्यू ऑपरेशन: बोलेरो के मलबे को क्रेन और जेसीबी से काटकर शवों को निकाला गया।
