चार साल का संघर्ष समाप्त: कलेक्टर की संवेदनशील पहल से 75 वर्षीय वृद्ध वासुदेव गुप्ता को मिला आधार, जीवन में लौटी उम्मीद

- तकनीकी अड़चनों के कारण चार साल से अटकी थी पहचान, अब खुले शासकीय और जनकल्याणकारी योजनाओं के द्वार
- बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की अनूठी पहल: प्रशासन की मुस्तैदी से एक और जरूरतमंद को मिला न्याय
रायपुर, 12 सितंबर 2026
आज के दौर में पहचान का एक छोटा सा दस्तावेज किसी व्यक्ति के जीवन को कितना बदल सकता है, इसकी बानगी बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम झलपी (पोस्ट-महाराजगंज) निवासी 75 वर्षीय वृद्ध कृषक श्री वासुदेव गुप्ता के जीवन में देखने को मिली है। पिछले चार वर्षों से तकनीकी अड़चनों के जाल में उलझा उनका आधार कार्ड आखिरकार जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल और त्वरित कार्रवाई से अपडेट हो गया है। इस सफलता के साथ ही बुजुर्ग वासुदेव गुप्ता के लिए शासन की तमाम कल्याणकारी योजनाओं के द्वार एक बार फिर खुल गए हैं।
चार साल की लंबी दौड़ और निराशा का दौर
आज के समय में आधार कार्ड हर नागरिक की पहचान, वित्तीय लेन-देन और सरकारी योजनाओं का आधारस्तंभ बन चुका है। लेकिन 75 वर्षीय वासुदेव गुप्ता के लिए यह पहचान पिछले चार वर्षों से एक अबूझ पहेली बनी हुई थी। उन्होंने क्षेत्र के लगभग हर आधार केंद्र के चक्कर काटे और कई बार नामांकन भी कराया। हर बार पावती से स्थिति जांचने पर तकनीकी कारणों का हवाला देकर आवेदन निरस्त कर दिया जाता था। इस समस्या से निजात पाने के लिए उन्होंने अंबिकापुर स्थित सेवा केंद्र तक की दौड़ लगाई, लेकिन निराशा के अलावा कुछ हाथ नहीं लगा। इस लंबी जद्दोजहद के बाद वृद्ध कृषक की उम्मीदें टूटने लगी थीं।
कलेक्टर की संवेदनशीलता और तकनीकी समन्वय से हल
इस पूरे मामले में नया मोड़ तब आया जब बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने आम नागरिकों की ऐसी लंबित और जटिल शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर के कड़े और स्पष्ट मार्गदर्शन के बाद जिला प्रशासन की टीम तथा संबंधित तकनीकी विभागों (ई-डीएम, डीसी एवं एमटीओ) ने मामले की गहराई से पड़ताल की। सभी विभागों ने आपसी समन्वय का परिचय देते हुए तकनीकी बाधाओं की तह तक जाकर उनका स्थाई समाधान निकाला और अंततः वृद्ध श्री गुप्ता का दस्तावेज सफलतापूर्वक तैयार कर उन्हें सौंप दिया गया।
खुले खुशहाली और आत्मनिर्भरता के रास्ते
इस महत्वपूर्ण दस्तावेज के बनते ही वृद्ध कृषक के जीवन से संकट के बादल छंट गए हैं। अब श्री वासुदेव गुप्ता ‘एग्री स्टैक पोर्टल’ पर अपना पंजीयन आसानी से करा सकेंगे, जिससे उन्हें सुगमता से धान विक्रय करने और अन्य कृषि-हितैषी योजनाओं का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही, वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड की ई-केवायसी, बैंकिंग सेवाओं और ऋण संबंधी तमाम प्रक्रियाओं का मार्ग प्रशस्त हो गया है, जिससे उन्हें बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा और संबल प्राप्त हुआ है।
प्रशासन का मानवीय दृष्टिकोण बना मिसाल
जिला प्रशासन का यह प्रयास केवल एक व्यक्ति की समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि यह एक ऐसी पुख्ता व्यवस्था की नींव है जहाँ कोई भी तकनीकी दिक्कत किसी जरूरतमंद के अधिकारों के आड़े न आए। इस सफल पहल से दूरस्थ अंचलों के बुजुर्गों को कार्यालयों के चक्कर काटने से मुक्ति मिली है, जो अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रहा है
