रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर: विदर्भ और गीतांजलि एक्सप्रेस के समय में बड़ा बदलाव, अब नए समय पर पहुंचेंगी मुंबई

रायपुर 9 सितम्बर । छत्तीसगढ़ और नागपुर रूट से मुंबई की यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। रेलवे प्रशासन ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) से गुजरने वाली दो सबसे प्रमुख ट्रेनों—विदर्भ एक्सप्रेस और गीतांजलि एक्सप्रेस के समय में बड़ा फेरबदल किया है। यह नया समय 8 सितंबर 2026 से प्रभावी हो चुका है। ऐसे में अगर आप मुंबई जाने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रेनों की नई समय-सारणी जरूर नोट कर लें।
नई ट्रेन की वजह से बदला शेड्यूल
रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल (CSMT) से सावंतवाड़ी रोड के बीच एक नई दैनिक नियमित ट्रेन शुरू की गई है। ट्रेन संख्या 15087/15088 CSMT–सावंतवाड़ी–CSMT एक्सप्रेस के परिचालन के कारण ट्रैक पर ट्रैफिक को संतुलित करने के लिए इन दोनों वीआईपी ट्रेनों के समय में संशोधन करना पड़ा है।
नोट कर लें अपनी ट्रेन का नया समय:
- विदर्भ एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12106): गोंदिया से मुंबई के बीच चलने वाली इस लोकप्रिय ट्रेन के समय में आंशिक बदलाव हुआ है। अब यह ट्रेन अपने पुराने समय सुबह 06:50 बजे के बजाय 10 मिनट की देरी से सुबह 07:00 बजे मुंबई (CSMT) पहुंचेगी।
- गीतांजलि एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12860): हावड़ा से मुंबई जाने वाली इस सुपरफास्ट ट्रेन के यात्रियों को अब ज्यादा समय देना होगा। इसके समय में बड़ा बदलाव किया गया है। पहले यह ट्रेन रात को 21:20 (09:20 बजे) मुंबई पहुंचती थी, जो अब 1 घंटा 25 मिनट की देरी से रात 22:45 (10:45 बजे) मुंबई स्टेशन पहुंचेगी।
यात्रियों को असुविधा से बचने की सलाह
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES (नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम) ऐप या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर अपनी ट्रेन की लाइव स्थिति और समय की जांच करने के बाद ही स्टेशन के लिए रवाना हों।
